बस्तर जिला के दरभा जनपद पंचायत अंतर्गत कई पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर पिछले 4–6 माह पहले ही भारी भुगतान कर दिया गया है, जबकि अधिकांश कार्य अब तक शुरू भी नहीं हुए हैं।
“जनपद दरभा विज़न-लेस हो चुका है। मद में आए पैसों का सही उपयोग हो, तभी गांवों का वास्तविक विकास संभव है।”
— नरेन्द्र भवानी / संस्थापक, छत्तीसगढ़ युवा मंच
दरभा जनपद के अंतर्गत कई पंचायतों में मुत्रालय निर्माण, हेंडवॉश यूनिट, फर्नीचर क्रय, डस्टबिन, LED TV, बाउंड्रीवॉल, रनिंग वाटर, घाट निर्माण जैसे कार्यों के लिए लाखों रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि जमीनी स्तर पर अधिकांश कार्य दिखाई ही नहीं देते।
“कुछ पंचायतों में जहाँ पहले भी भ्रष्टाचार की आशंका थी, उन्हीं पंचायतों को फिर से 11 लाख से अधिक राशि जारी कर दी गई है। यह बेहद चिंताजनक है कि कार्यवाही करने की बजाय उन्हें और भुगतान कर दिया गया।”
— नरेन्द्र भवानी
📍 जमीनी जांच में सामने आई गंभीर बातें
- कई पंचायतों में हेंडवॉश यूनिट के नाम पर लाखों का भुगतान — पर यूनिट का पता नहीं।
- फर्नीचर क्रय पर लाखों खर्च — पंचायत भवनों में नया फर्नीचर मौजूद ही नहीं।
- एलईडी टीवी के लिए 30,000–50,000 तक भुगतान — पर पंचायतों में टीवी नहीं दिखे।
- डस्टबिन डब्बा पर ₹1.5 लाख भुगतान — डस्टबिन गायब।
- मुत्रालय के लिए लगभग ₹1 लाख भुगतान — स्थल पर कोई निर्माण नजर नहीं आता।
- सोलर पैनल पर ₹1.5–5 लाख तक भुगतान — कई जगह पैनल मिले ही नहीं।
“सोलर पैनल की गुणवत्ता कई जगहों पर बेहद खराब है। इतनी बड़ी राशि के बावजूद पंचायतों में पैनल का उपयोग नहीं के बराबर है। मैं इसकी स्वतंत्र जांच की मांग करूंगा।”
— नरेन्द्र भवानी
📌 2025–26 में करोड़ों का फंड जारी, पर कार्य धीमे
वित्तीय वर्ष 2025–2026 के दौरान दरभा जनपद में विभिन्न मदों से करोड़ों रुपये जारी हुए—
➡ 15वीं वित्त आयोग मद➡ सांसद/विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि➡ स्वच्छ भारत मिशन➡ राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना➡ पेयजल एवं निर्माण कार्य मद
लेकिन पेयजल, सड़क, नाली, भवन मरम्मत, स्नान गृह, घाट निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर जमीन पर प्रगति न दिखना ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। गांव की मूलभूत जरूरतों के ये कार्य ही सबसे अधिक आवश्यक हैं।
“जिन पंचायतों में 4–6 माह पहले लाखों का भुगतान हो गया, वहाँ आज भी कार्य शुरू नहीं हुए हैं। यह सीधे-सीधे लापरवाही और कुप्रबंधन का मामला है।”
— नरेन्द्र भवानी
📍 ग्रामीण विकास पर बड़ा सवाल
जनता का पैसा जनता के विकास के लिए होता है। लेकिन यदि भुगतान पहले और काम बाद में हो — या बिल्कुल न हो — तो ग्रामीण इलाकों का विकास कैसे होगा?
“जनपद दरभा में कई कार्य केवल कागजों में दिख रहे हैं। मैं बहुत जल्द सभी संबंधित दस्तावेज और जमीनी स्थिति सार्वजनिक करूंगा।”
— नरेन्द्र भवानी, संस्थापक, छत्तीसगढ़ युवा मंच
छत्तीसगढ़ युवा मंच का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द ही इन अनियमितताओं की जांच नहीं करता, तो संगठन जनहित में विस्तृत रिपोर्ट जारी कर पूरे मामले को उजागर करेगा।

Leave a Reply