रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 13 दिसम्बर 2025/ बस्तर ओलम्पिक का समापन समारोह स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जहाँ नारायणपुर के मलखम्भ खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से पूरे स्टेडियम को स्तब्ध कर दिया। इस प्राचीन भारतीय खेल के महारथियों ने ऐसा रोमांचक नजारा पेश किया कि दर्शक अपनी सीटों से हिल नहीं पाए।
खिलाड़ियों ने ऊँचे चिकने लकड़ी के खंभों और लोहे के पतले खंभों पर जिस सहजता, संतुलन और आत्मविश्वास के साथ जोखिम भरे आसनों का प्रदर्शन किया, वह उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है।
गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देती उनकी कलाबाजियाँ, अद्भुत शारीरिक लचीलापन और संतुलन ने दर्शकों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। यह प्रदर्शन केवल खेल नहीं, बल्कि भारत की पारंपरिक खेल विरासत की जीवंत प्रस्तुति था।
नारायणपुर के इन युवा मलखम्भ खिलाड़ियों ने न केवल बस्तर ओलम्पिक के समापन समारोह को यादगार बना दिया, बल्कि बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी एक मजबूत संदेश दिया है।
🔔 बस्तर ओलम्पिक और खेल जगत की ऐसी ही खास खबरों के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें:
https://whatsapp.com/channel/0029VbAbdQJD8SDwJjkqXr0N

Leave a Reply