धान खरीदी में कोई लापरवाही नहीं चलेगी! कलेक्टर हरिस एस के सख्त निर्देश, अवैध धान पर होगी कठोर कार्रवाई

🦅 The Eagle 👁️ Eye News
संपादक: Om Sahu | 📞 9926750985


जगदलपुर, 16 दिसम्बर 2025/ जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। कलेक्टर श्री हरिस एस ने समय-सीमा की बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को टोकन की उपलब्धता, बारदाने की व्यवस्था, समय पर धान की तौल जैसी मूलभूत सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी प्रतिदिन खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा सप्ताहांत में अनिवार्य रूप से मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें।

गेट पास ऐप के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि किसानों के टोकन के आधार पर फोटो अपलोड करना अनिवार्य किया जाए। साथ ही अवैध धान की आवक रोकने हेतु सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए टीम को लगातार सक्रिय रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, शेड एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही केंद्रों में प्रदर्शित संपर्क नंबरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

साप्ताहिक ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने वाले 19 नोडल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

इसके अतिरिक्त सभी धान संग्रहण केंद्रों की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कस्टम मिलिंग के अंतर्गत राइस मिलर्स के पंजीयन, अनुबंध एवं धान उठाव की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई।

धान विक्रय कर चुके किसानों के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो किसान अपनी आवश्यकता अनुसार धान बेच चुके हैं, उनका रकबा समर्पण अनिवार्य रूप से कराया जाए और इस प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, मनरेगा अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों, विकासखंड स्तर पर रेडी टू ईट उत्पादन इकाइयों की प्रगति, गुणवत्ता जांच तथा पोषण ट्रैकर एप में प्रविष्टि की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग की उल्लास योजना, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, जाति प्रमाण पत्र प्रदाय की स्थिति तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आधार रीडिंग एवं किसान क्रेडिट कार्ड प्रकरणों की समीक्षा भी की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नक्शा-बटांकन कार्य मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए और समय-सीमा के प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल, श्री ऋषिकेश तिवारी, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


🦅 The Eagle 👁️ Eye News – नज़र सच्चाई पर
संपादक: Om Sahu | 📞 9926750985


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply