बस्तर की महिलाओं ने दिल्ली में लहराया परचम बकावंड की दो महिला किसानों को मिला मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया का राष्ट्रीय सम्मान

🦅 The Eagle 👁️ Eye News
संपादक: Om Sahu | 📞 9926750985


जगदलपुर, 16 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल बस्तर जिले की महिलाएं अब खेती-किसानी के क्षेत्र में अपनी मेहनत, नवाचार और जज्बे के बल पर राष्ट्रीय पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के बकावंड जनपद की दो प्रगतिशील महिला किसानों ने देश की राजधानी दिल्ली में बस्तर का परचम लहराकर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

नई दिल्ली के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय समारोह में इन महिलाओं को मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया – 2025 सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ और बस्तर अंचल के लिए गर्व का विषय है।

सम्मानित महिला किसान

🔹 सुमनी कश्यप – ग्राम छिंदगांव
🔹 नेत्री बाई कश्यप – ग्राम करीतगांव

दोनों महिला किसान बिहान योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और बीते कुछ वर्षों से कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग, आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रही हैं।

कृषि जागरण द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री अजय मिश्रा टेनी एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में किसानों को अन्नदाता और मिट्टी को सोना बनाने वाला बताते हुए उनकी भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि आज के दौर में, जब रोजगार के लिए गांवों से शहरों की ओर पलायन बढ़ रहा है, इन महिलाओं ने अपने गांव में रहकर संघर्ष और आत्मनिर्भरता का रास्ता चुना।

स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, उन्नत कृषि तकनीक, बेहतर उत्पादन, मार्केटिंग और उद्यमिता को अपनाकर इन महिलाओं ने न केवल खुद को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया, बल्कि महिला सशक्तिकरण की मिसाल भी कायम की।

दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बस्तर की इन महिला किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीक, स्टार्टअप, बाजार प्रबंधन और वैश्विक कृषि बदलाव से जुड़े विभिन्न सत्रों में भी सहभागिता की, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कृषि सोच को समझने का अवसर मिला।

बस्तर से निकलकर देश की राजधानी में प्रतिनिधित्व करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इन महिला किसानों की यह सफलता निश्चित रूप से बस्तर के लाखों युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।


🦅 The Eagle 👁️ Eye News – नज़र सच्चाई पर
संपादक: Om Sahu | 📞 9926750985


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply