रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ कार्यालय जगदलपुर में नियमों को ताक पर रखकर की जा रही पदस्थापना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ ने सी.एच.सी. किलेपाल पदस्थ सुपरवाइजर शकील खान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपा है।

संघ का आरोप है कि शकील खान अक्टूबर 2024 से बिना संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर के किसी आदेश या अनुमोदन के जिला मीडिया प्रभारी के रूप में सीएमएचओ कार्यालय जगदलपुर में कार्यरत हैं, जबकि सुपरवाइजर को प्रभारी मीडिया अधिकारी का दायित्व सौंपने संबंधी कोई वैधानिक आदेश जारी नहीं किया गया।
संघ ने बताया कि शासन की स्थानांतरण नीति के तहत श्री खान का स्थानांतरण सीएचसी तोकापाल में किया गया था। आरोप है कि तोकापाल में कार्यभार ग्रहण करने के बाद भी उन्होंने वहां सुपरवाइजर का कार्य नहीं किया और नियम विरुद्ध रूप से सीएमएचओ कार्यालय में प्रभारी मीडिया अधिकारी के रूप में कार्य करते रहे।
संघ के अनुसार, कई शिकायतों के आधार पर कलेक्टर बस्तर के मौखिक निर्देश एवं कार्यालयीन पत्र के तहत 20 नवंबर 2025 को शकील खान को उनके मूल पदस्थापना स्थल सीएचसी तोकापाल के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया था। इसके बावजूद आज दिनांक तक उन्होंने वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
आरोप है कि इसके बाद भी शकील खान प्रतिदिन सीएमएचओ कार्यालय जगदलपुर में उपस्थित दिखाई दे रहे हैं, उपस्थिति पंजी में नियम विरुद्ध हस्ताक्षर कर रहे हैं तथा 12 दिसंबर 2025 को पीएससी कुरुंदी भ्रमण में भी शामिल हुए।

संघ का कहना है कि कार्यमुक्त कर्मचारी द्वारा इस प्रकार का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है और यह कलेक्टर के आदेशों की खुली अवहेलना को दर्शाता है।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने मांग की है कि कार्य मुक्त तिथि के पश्चात कार्यभार ग्रहण नहीं करने की अवधि को अनुपस्थित दिवस मानते हुए वेतन कटौती की जाए तथा समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने और शासन के आदेशों की अवहेलना के आरोप में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply