जयकारों के साथ बस्तर से 87 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
अब तक 957 यात्रियों को मिला लाभ
जगदलपुर, 18 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘श्रीरामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना’ के तहत बस्तर जिले में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। इसी कड़ी में बुधवार 17 दिसंबर की शाम जगदलपुर के टाउन हॉल प्रांगण से 87 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया।
इस भावुक और भक्तिमय क्षण के साक्षी बनने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री खेम सिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। अतिथियों ने बस में सवार बुजुर्ग एवं वरिष्ठ तीर्थयात्रियों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सुखद व मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान पूरा वातावरण “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा।
हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
श्रीरामलला दर्शन योजना समिति के सदस्य श्री रामाश्रय सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। तीर्थयात्रियों के चेहरों पर अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की खुशी साफ झलक रही थी।
जिले से अब तक 957 यात्री हुए लाभान्वित
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि बस्तर जिले से श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजने का सिलसिला निरंतर जारी है। पिछले वर्ष से अब तक कुल 957 तीर्थयात्री इस योजना के माध्यम से अयोध्या धाम की यात्रा कर चुके हैं और पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री बीरेंद्र बहादुर सहित जिला पंचायत कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों को विधिवत विदा किया।
रिपोर्ट : ओम साहू
The Eagle 🦅 Eye 👁️ News
संपादक : Om Sahu | संपर्क : 9926750985
हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें :
👉 The Eagle Eye News WhatsApp Channel

Leave a Reply