धमतरी (गंगाप्रकाश) — “भारत की आत्मा गांवों में बसती है” — इस विचार को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा लागू विकसित भारत–ग्राम गारंटी अधिनियम 2025 (वीबी–जी राम जी) ग्रामीण भारत के लिए एक ऐतिहासिक पहल बनकर उभरा है। यह योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्थायी विकास की मजबूत नींव रखने का काम कर रही है।
इस योजना के तहत गांवों में 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही टिकाऊ और उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के लिए आजीविका सुरक्षा की ढाल
वीबी–जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ में 40 लाख से अधिक ग्रामीण श्रमिक परिवारों को प्रतिवर्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। आदिवासी, वनांचल और कृषि-प्रधान क्षेत्रों में यह योजना आजीविका सुरक्षा की रीढ़ साबित होगी। रोजगार के दिनों में वृद्धि से ग्रामीण आय बढ़ेगी, पलायन रुकेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
धमतरी जिले में व्यापक लाभ
धमतरी जिले में इस योजना के अंतर्गत अनुमानित 1 लाख 85 हजार से 2 लाख ग्रामीण श्रमिकों को प्रतिवर्ष रोजगार का लाभ मिलेगा। ग्राम सभाओं के माध्यम से जल संरक्षण, तालाब निर्माण, ग्रामीण सड़कें, गोदाम, सिंचाई संरचनाएं, हाट बाजार और शेड निर्माण जैसे कार्यों का चयन किया जाएगा।
इन कार्यों से गांवों में स्थायी और उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, कृषि और ग्रामीण व्यापार को बल मिलेगा तथा महिलाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
रोजगार के साथ कौशल विकास
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें रोजगार के साथ कौशल विकास को अनिवार्य रूप से जोड़ा गया है। श्रमिकों को जल प्रबंधन, निर्माण, रखरखाव, भंडारण और तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे केवल मजदूर नहीं बल्कि स्थानीय उद्यमी के रूप में भी विकसित हो सकें।
महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार और नेतृत्व मिलेगा, वहीं युवाओं को गांव में ही अवसर मिलने से पलायन की मजबूरी कम होगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही की गारंटी
वीबी–जी राम जी के तहत ग्राम पंचायतों को विकास की धुरी बनाया गया है। ग्राम सभा की सहमति से कार्यों का चयन, अनिवार्य सोशल ऑडिट, समय पर काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता और मजदूरी में देरी पर मुआवजा जैसे प्रावधान योजना को पारदर्शी और जवाबदेह बनाते हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के अनुसार —
“वीबी–जी राम जी कोई सामान्य योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने का स्पष्ट रोडमैप है। 125 दिन का रोजगार, स्थायी परिसंपत्तियां और कौशल विकास गांवों को आर्थिक शक्ति में बदल देगा।”

Leave a Reply