रंगोली के जरिए दिखाई नारी शक्ति


रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 24 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को महारानी अस्पताल परिसर नारी शक्ति के सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के एक अनूठे संगम का साक्षी बना। अस्पताल प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बेटियों को समाज की मुख्यधारा में लाने और उन्हें सशक्त बनाने का सशक्त संदेश दिया गया।
इस दौरान आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में बालिकाओं और नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। अस्पताल का प्रांगण रंग-बिरंगी आकृतियों और प्रेरणादायी संदेशों से सजा नजर आया। छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “महिला सशक्तिकरण” और “समाज में बालिकाओं की भूमिका” जैसे विषयों को रंगों में पिरोकर विकसित भारत के सपने को साकार रूप देने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद एवं पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. भंवर लाल शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जब बालिका शिक्षित होगी, तभी देश वास्तविक प्रगति कर सकेगा।
“बालिका केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण ही विकसित भारत की असली पहचान है।”— डॉ. संजय प्रसाद, सिविल सर्जन
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा श्रेष्ठ रंगोली बनाने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी एवं अस्पताल सलाहकार डॉ. नीरज कुमार ओझा भी उपस्थित रहे।
महारानी अस्पताल प्रशासन ने संकल्प व्यक्त किया कि बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
The Eagle 🦅 Eye 👁️ News
संपादक: Om Sahu | संपर्क: 9926750985
📲 WhatsApp चैनल: Join Now

Leave a Reply