रिपोर्ट: ओम साहू
एक वीडियो, मंत्री का संज्ञान और घंटों में समाधान — दिव्यांग प्रवीण की राह हुई आसान
जगदलपुर। कभी हाथों के सहारे रेंगकर चलने वाला मासूम प्रवीण नूरेटी आज मुस्कुरा रहा है… क्योंकि उसके सपनों को पंख मिल गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक भावुक वीडियो ने पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा और छत्तीसगढ़ शासन के वनमंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मानवता की मिसाल पेश की।
मासूम के सपनों को मंत्री की पहल से मिली उड़ान
नारायणपुर के सोनपुर बांधपारा निवासी प्रवीण नूरेटी (पिता: राजेंद्र नूरेटी) जन्म से ही दिव्यांग है और चलने में असमर्थ है। पहली कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा अपने दोस्तों के साथ बाजार देखने जाने की इच्छा रखता था, लेकिन शारीरिक असमर्थता उसके सपनों के बीच दीवार बन गई थी। वीडियो सामने आते ही लोगों की आंखें नम हो गईं।
24 घंटे में राहत — व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल उपलब्ध
वीडियो देखते ही वनमंत्री केदार कश्यप ने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नतीजा: मात्र 24 घंटे के भीतर मासूम प्रवीण को व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। सहायता पाकर प्रवीण की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी।
इस संवेदनशील पहल से परिवार में नई उम्मीद जगी, परिजनों ने मंत्री केदार कश्यप का आभार जताया।
सरकार का संकल्प — अंतिम व्यक्ति तक सहायता
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा, “सरकार का कर्तव्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचे। किसी मासूम की पीड़ा को अनदेखा नहीं किया जा सकता। प्रवीण जैसे बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना साय सरकार की जिम्मेदारी है और हर संभव सहायता के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे।”
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मानवीय विकास की नई कहानी
उल्लेखनीय है कि सोनपुर गांव नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आता है, जहां कभी लोग जाने से डरते थे। आज वही क्षेत्र सड़क, बिजली, नेटवर्क और मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत कर विकास की नई कहानी लिख रहा है।
यह घटना केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि एक मासूम के सपनों को सच करने की कहानी है — जो साबित करती है कि संवेदनशील सरकार और जागरूक समाज मिलकर चमत्कार कर सकते हैं।
📲 The Eagle 🦅 Eye 👁️ News WhatsApp Channel:
यहां जुड़ें
संपादक: Om Sahu | संपर्क: 9926750985

Leave a Reply