वेयरहाउस के कर्मचारियों पर हेरा-फेरी, धमकी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर. छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन की शाखा जगदलपुर में पदस्थ कुछ कर्मचारियों पर गोदाम से चावल की हेरा-फेरी, कर्मचारियों को धमकाने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में कलेक्टर बस्तर को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की गई है।
8 साल से पदस्थ कर्मचारी पर गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार तिहारीराम सूर्यवंशी नामक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पिछले लगभग 8 वर्षों से शाखा जगदलपुर में पदस्थ है। आरोप है कि वह अन्य दैनिक वेतन कर्मचारियों को डरा-धमकाकर और गाली-गलौच कर काम करवाता है तथा कहता है कि उसकी बात नहीं मानने पर नौकरी से निकलवा देगा।
वीडियो फुटेज में बोरों से चावल निकालते दिखे कर्मचारी
शिकायत में बताया गया है कि गोदाम में रखे बोरों से चावल निकालने का वीडियो फुटेज भी मौजूद है, जिसमें कर्मचारी स्पष्ट रूप से चावल निकालते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि यह कार्य अन्य व्यक्तियों से सांठगांठ कर किया जाता है।
नियमों के विरुद्ध गोदाम परिसर में रह रहा कर्मचारी
बताया गया है कि दैनिक वेतन कर्मचारी होने के बावजूद तिहारीराम सूर्यवंशी गोदाम परिसर के अंदर स्थित क्वार्टर में रह रहा है, जबकि नियमों के अनुसार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सरकारी आवास की पात्रता नहीं होती।
10 हजार वेतन में कार और कॉम्पलेक्स?
शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगभग ₹10,000 मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारी के पास कार क्रमांक CG-26J-7090 है तथा सुकमा जिले में व्यवसायिक कॉम्पलेक्स भी बनाया गया है। वाहन और संपत्ति पत्नी के नाम पर होने की बात कही गई है, जिसकी जांच की मांग की गई है।
कर्मचारियों की मिलीभगत से चावल हेरा-फेरी का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि
- जितेश शाहजीत – डाटा ऑपरेटर
- हरीश रज्जक – दैनिक वेतन कर्मचारी
- जैतराम शाहजीत – दैनिक वेतन कर्मचारी
इन सभी पर गोदाम से चावल की हेरा-फेरी और कार्यालयीन अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
हर बोरी से 2 से 5 किलो चावल निकालने का आरोप
शिकायत के अनुसार गोदाम में सुबह के समय बोरियों से 2 से 5 किलो तक चावल निकाला जाता है और वजन बढ़ाने के लिए शाम को बोरियों में पानी डाला जाता है।
साथ ही आरोप है कि सुबह 9 बजे से 11 बजे तक CCTV फुटेज बंद रखा जाता है ताकि गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।
पीडीएस चावल में गड़बड़ी का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गरीब परिवारों के लिए भेजे जाने वाले पीडीएस चावल में हेरा-फेरी की जा रही है, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर बस्तर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
The Eagle 🦅 Eye 👁️ News
संपर्क: 9926750985

Leave a Reply