

रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 14 मार्च 2026/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना के अंतर्गत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोण्डागांव की एक टीम द्वारा बस्तर जिले का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।
गत 13 मार्च 2026 से शुरू हुए इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक में संचालित इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर की सफल कार्यप्रणाली को समझना और उसे कोण्डागांव जिले में लागू करना रहा।
जिला पंचायत कोण्डागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के निर्देशानुसार आयोजित इस दौरे में जिला मिशन प्रबंधक श्री विनय सिंह के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ दल शामिल हुआ। इस दल में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री दुर्योधन मेघ, श्री कुंजलाल सिन्हा सहित केशकाल, माकड़ी, फरसगांव और बड़ेराजपुर के परियोजना प्रबंधक एवं क्षेत्रीय समन्वयक शामिल रहे।
🌾 समेकित कृषि प्रणाली का किया गहन अध्ययन
भ्रमण के दौरान टीम ने दरभा क्लस्टर में संचालित समेकित कृषि प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया, जहाँ किसानों को उन्नत सब्जी उत्पादन के लिए नर्सरी प्रबंधन, बीज चयन और वैज्ञानिक पद्धति से कीट-रोग नियंत्रण की तकनीकी जानकारी दी गई।
आजीविका संवर्धन की दिशा में टीम ने उत्पादन के पश्चात होने वाली ग्रेडिंग, पैकेजिंग और सीधे बाजार से जुड़कर बेहतर मूल्य प्राप्त करने के आधुनिक मॉडल को भी समझा।
🐔 पशुपालन और सामूहिक विपणन के मॉडल की जानकारी
पशुपालन के क्षेत्र में मुर्गीपालन की उन्नत विधियों जैसे ब्रूडिंग प्रबंधन और टीकाकरण के साथ-साथ सामूहिक विपणन के माध्यम से आय बढ़ाने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।
📈 सामुदायिक उद्यम विकास की प्रक्रिया समझाई
इस भ्रमण के दौरान सामुदायिक उद्यम विकास की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण से प्राप्त अनुभवों और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग अब कोण्डागांव जिले के विभिन्न क्लस्टरों में किया जाएगा।
इस पहल से स्थानीय ग्रामीण समूहों और किसानों को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति में गुणात्मक सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।
भ्रमण के पश्चात उक्त दल ने बस्तर के स्व सहायता समूहों के साथ अपने अनुभवों को निरंतर साझा करने की कटिबद्धता भी व्यक्त की।
The Eagle 🦅 Eye 👁️ News
संपादक: Om Sahu
📞 संपर्क: 9926750985

Leave a Reply