
रायपुर। महारानी अस्पताल में प्रभार से जुड़े एक आदेश को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। 18 मई 2026 को जारी आदेश और उसके बाद किए गए संशोधन के बावजूद इसके पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को जारी आदेश में स्टाफ नर्स श्रीमती रीमा दानी को मेल वार्ड का प्रभारी नियुक्त किया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद ही इस आदेश में संशोधन करते हुए उनकी नियुक्ति को निरस्त कर दिया गया।

संशोधित आदेश में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि रीमा दानी को मेल वार्ड प्रभारी के दायित्व से मुक्त करते हुए उन्हें उनके मूल पद पर कार्य करने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद, स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ का आरोप है कि इस आदेश का जमीनी स्तर पर अब तक पालन नहीं कराया गया है।
संघ का कहना है कि आदेश जारी होने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ, जिससे अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में संघ ने सिविल सर्जन एवं अस्पताल अधीक्षक को प्रथम स्मरण पत्र सौंपते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आदेश का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इससे अस्पताल में प्रशासनिक स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या आदेशों का पालन सुनिश्चित हो पाता है या नहीं।

Leave a Reply