
रिपोर्ट: The eagle eye beuro
जगदलपुर: बस्तर जिले के नगरनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोकावाड़ा में संचालित एक आजाद पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर और क्लीनिक पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 22 जून 2026 को एसडीएम जगदलपुर श्री ऋषिकेश तिवारी के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आजाद पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
जांच में सामने आया कि मरीजों के ब्लड सैंपल लेने की आड़ में अवैध रूप से मेडिकल सर्टिफिकेट बनाए जा रहे थे। नियमों के विपरीत एक्स-रे, ईसीजी, नेत्र परीक्षण जैसी जरूरी जांचें भी बिना वैध प्रक्रिया के उपलब्ध कराई जा रही थीं। कई मामलों में बिना सक्षम डॉक्टर के हस्ताक्षर के मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए जा रहे थे।
ब्लड सैंपल जांच में भी भारी गड़बड़ी सामने आई, जिसमें बिना सैंपल नंबर और समय के सैंपल पाए गए। कुछ मामलों में बिना सैंपल लिए ही जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही थी। यहां तक कि स्टाफ द्वारा स्वयं डॉक्टर के स्थान पर हस्ताक्षर किए जाने की भी पुष्टि हुई।
जगदलपुर स्थित मुख्य लैब में भी जांच की गई, जहां भी अनियमितताएं पाई गईं। इन गंभीर लापरवाहियों एवं नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन के चलते उक्त सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके अलावा नगरनार में संचालित ‘संजीवनी’ नामक एक अन्य क्लीनिक में बीएएमएस डिग्रीधारी द्वारा एलोपैथिक उपचार किए जाने का मामला सामने आया। जांच में क्लीनिक का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया, जिसके बाद उसे भी सील कर दिया गया।
पूरी कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार लखीराम पाण्डेय, विषय विशेषज्ञ डॉ. अनुराग शर्मा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. ऋषभ साव, क्षेत्रीय पटवारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।
👉 ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें:
WhatsApp Channel | Facebook Page | YouTube Channel

Leave a Reply