रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 05 जुलाई 2026। ग्राम आसना स्थित लगभग 75 वर्ष पुराने श्रीकृष्ण मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर के गर्भगृह में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। बाद में दानपात्र मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर फेंका हुआ मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि श्रीकृष्ण मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि पूरे गांव की आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। कुछ वर्ष पूर्व ग्रामीणों और युवाओं ने जनसहयोग एवं श्रमदान से इस ऐतिहासिक मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। मंदिर के संरक्षण और विकास में गांववासियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया, जबकि शासन स्तर से अपेक्षित सहायता नहीं मिली।
मंदिर समिति के अनुसार मंदिर नेशनल हाईवे के किनारे स्थित होने के बावजूद आज तक चारदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था, शेड और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निर्माण नहीं कराया गया है। इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में वर्षभर धार्मिक आयोजन, पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। हाल ही में मंदिर परिसर में कराए गए मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य को भी असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो संभवतः इस चोरी की घटना को रोका जा सकता था। धार्मिक स्थलों को अपराधियों द्वारा निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर और निंदनीय है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
- चोरी की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच।
- आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
- मंदिर परिसर में चारदीवारी का निर्माण।
- सीसीटीवी कैमरे एवं हाईमास्ट लाइट की स्थापना।
- शेड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाओं की व्यवस्था।
- भविष्य में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी सुरक्षा योजना।
ग्रामवासियों एवं मंदिर समिति ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा मंदिर की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित बनी रहे।

Leave a Reply