
रिपोर्ट: ओम साहू | जगदलपुर
जगदलपुर विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अनिल दास ने दूरस्थ क्षेत्रों के कई शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की अनुपस्थिति, समय पालन में लापरवाही और सरकारी निर्देशों की अनदेखी सामने आने पर तत्काल सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों का किया औचक निरीक्षण


08 जुलाई 2026 को बीईओ अनिल दास ने प्राथमिक शाला बुरुंदवाड़ा सेमरा, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला माचकोट, प्राथमिक, माध्यमिक एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय तिरिया, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला धनपुंजी, माध्यमिक शाला कस्तूरी, प्राथमिक शाला डोंगरीगुड़ा, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला मारकेल, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला खम्हारगांव तथा प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई सेकेंडरी विद्यालय मंगनपुर सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
देर से पहुंची शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला बुरुंदवाड़ा सेमरा की शिक्षिका श्रीमती अंजुलता साहू निर्धारित समय से विलंब से विद्यालय पहुंची। इस पर बीईओ ने फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया और निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा
प्राथमिक शाला मारकेल के सहायक शिक्षक श्री कृष्ण कुमार नाग लंबे समय से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए उनके तत्काल निलंबन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।
हायर सेकेंडरी तिरिया के कर्मचारी की सेवा समाप्ति का प्रस्ताव
हायर सेकेंडरी स्कूल तिरिया के श्री विमल एक्का भी लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित मिले। बीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनकी सेवा समाप्ति के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई हेतु पत्र भेजा है।
VSK ऐप से उपस्थिति अनिवार्य, कर्मचारियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को समय पर विद्यालय पहुंचने, राज्य शासन के निर्देशानुसार VSK ऐप में नियमित उपस्थिति दर्ज करने तथा कार्यालय समय समाप्त होने के बाद ही विद्यालय छोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों की स्वच्छता, रखरखाव, विद्यार्थियों को मिलने वाली सभी शासकीय सुविधाओं का समय पर वितरण सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
“विद्यालयों में अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”
— अनिल दास, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जगदलपुर
📲 शिक्षा, प्रशासन और बस्तर की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहें।

Leave a Reply