पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग का खेल बेनकाब: कोण्डागांव पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, कार-नकदी जब्त

रिपोर्ट:| The Eagle Eye News

कोंडागांव। पत्रकारिता की आड़ में लोगों को बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को कोण्डागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नगद सहित लगभग 6.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

क्या है पूरा मामला?

थाना कोण्डागांव क्षेत्र के जामपदर पारा निवासी तिमिर प्रकाश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि दो व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने दुकान की फोटो एवं वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने, बदनाम करने तथा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की अवैध वसूली की।

शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत धारा 308(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा, एसडीओपी श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए कार्तिकेश्वर कश्यप (43 वर्ष, मावलीगुड़ा, थाना बस्तर) तथा विशाल सोनी (29 वर्ष, करेकोटपारा, पण्डरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों को समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने का भय दिखाकर रुपये वसूलने की बात स्वीकार की।

जब्त सामग्री

  • डिजायर कार क्रमांक CG 17 LC 6661
  • एक मोबाइल फोन
  • 30,000 रुपये नगद
  • कुल जब्त संपत्ति लगभग ₹6.40 लाख

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही भूमिका

निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उपनिरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, ललित गावड़े, आरक्षक बुधराम कोर्राम तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, आरक्षक बिरजू सोरी एवं बिजू यादव ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कोण्डागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल पत्रकारिता की आड़ में कथित आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध की गई है। इसका उद्देश्य निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की छवि को प्रभावित करना नहीं है। कानून सभी के लिए समान है और किसी भी पेशे की आड़ में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


The Eagle Eye News
📍 सबसे तेज़ • सबसे सटीक • सबसे पहले


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply