
रिपोर्ट: ओम साहू | द ईगल आई न्यूज़
जगदलपुर, 12 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक कैडर एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार को बस्तर जिले में कड़ी सुरक्षा और प्रशासन की पुख्ता तैयारियों के बीच शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की गई।
88.21 प्रतिशत रही उपस्थिति
बस्तर जिले में परीक्षा के लिए कुल 2,104 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,856 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 248 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 88.21% दर्ज किया गया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति युवाओं के उत्साह को दर्शाता है।
इन छह केंद्रों पर हुई परीक्षा
- शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धरमपुरा – 450 में से 395 उपस्थित
- पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, धरमपुरा – 304 में से 267 उपस्थित
- शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, शांतिनगर – 300 में से 261 उपस्थित
- शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोल बाजार – 350 में से 314 उपस्थित
- शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पुराना गीदम नाका – 400 में से 355 उपस्थित
- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रेलवे कॉलोनी – 300 में से 264 उपस्थित
प्रशासन की तैयारी रही पूरी तरह मुस्तैद
परीक्षा के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, निगरानी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई थीं। केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों के समन्वय से पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई थी, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और संपूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Reply