जगदलपुर में दिनदहाड़े 21,300 रुपये की लूट का खुलासा, खुद को ‘यहां का दादा’ बताने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

रिपोर्ट: ओम साहू | द ईगल आई न्यूज, बस्तर

जगदलपुर, 16 जुलाई 2026: बस्तर पुलिस ने दिनदहाड़े मजदूर से 21,300 रुपये और आधार कार्ड लूटने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने खुद को इलाके का “दादा” बताते हुए पीड़ित और उसके साथी से मारपीट कर नकदी और दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खर्च की गई राशि के बाद शेष 17,000 रुपये, आधार कार्ड और पर्स बरामद कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार मारडूम निवासी सुखराम मड़ावी हैदराबाद में मजदूरी कर लगभग दो माह बाद 21,300 रुपये लेकर अपने गांव लौट रहा था। 15 जुलाई की शाम नया बस स्टैंड जगदलपुर के पास शराब दुकान के सामने अपने मित्र मुन्ना मण्डावी के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपी मुकेश ध्रुव वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए खुद को इलाके का दादा बताया। विरोध करने पर दोनों युवकों से मारपीट की और प्रार्थी की जेब से पर्स सहित 21,300 रुपये तथा आधार कार्ड लूटकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

24 घंटे में पुलिस ने दबोचा आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार के मार्गदर्शन में थाना बोधघाट एवं ब्लैक पैंथर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी श्री सुमित चंद्रा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 16 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से 17,000 रुपये, पर्स और आधार कार्ड बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

  • मुकेश ध्रुव, पिता महेश ध्रुव, उम्र 20 वर्ष
  • निवासी – गांधीनगर, सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड, जगदलपुर

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री सुमित चंद्रा, निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नागेंद्र सिंह, निर्मला सिदार, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अखिलेश नाग, सुनील मनहर, आरक्षक संदीप राणा, विजय तिर्की एवं ब्लैक पैंथर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी, लूटपाट और आम नागरिकों में भय पैदा करने वाले अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


📲 WhatsApp चैनल से जुड़ें:
https://chat.whatsapp.com/IjcjkRoMhFP79BjWdafFJE

📘 Facebook:
https://www.facebook.com/share/19CK3YzRnQ/


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply