
जगदलपुर, 18 जुलाई 2026. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने शनिवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय जगदलपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालय परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए न्यायिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं आमजन के लिए सुविधाजनक बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न न्यायिक सुविधाओं का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने सिविल न्यायालय कक्ष, निर्माणाधीन कार्यों, किलकारी केंद्र, परिवार न्यायालय, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग कक्ष, प्रतिलिपि अनुभाग, फास्ट ट्रैक कोर्ट, ई-सेवा केंद्र, दिव्यांगजनों के लिए शिकायत कक्ष, विशेष न्यायालय कक्ष, पीड़ित विश्राम कक्ष तथा ग्रंथालय भवन सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।
बेहतर और सुगम न्यायिक सेवाओं पर दिया जोर
मुख्य न्यायाधीश ने जिला न्यायालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को त्वरित, बेहतर और सुगम न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री गोविंद नारायण जांगड़े, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
द ईगल आई न्यूज | निष्पक्ष • विश्वसनीय • सबसे पहले

Leave a Reply