आरक्षण पर विवादित पोस्ट के बाद कार्रवाई: ‘जनमन’ के संपादकीय सलाहकार डॉ. अनिल द्विवेदी की सेवा समाप्त, ओबीसी महासभा ने जताया कड़ा विरोध

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की आधिकारिक पत्रिका ‘जनमन’ के संपादकीय सलाहकार डॉ. अनिल द्विवेदी को आरक्षण पर सोशल मीडिया में की गई विवादित टिप्पणी के बाद उनके पद से हटा दिया गया है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर बढ़ते विरोध के बीच सरकार ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ संवाद ने संबंधित प्लेसमेंट एजेंसी को पत्र लिखकर कहा कि डॉ. द्विवेदी का कृत्य निविदा की शर्तों का उल्लंघन है। इसके बाद उनकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

क्या था मामला?

डॉ. अनिल द्विवेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर आरक्षण को लेकर एक विवादित पोस्ट साझा की थी। पोस्ट की भाषा को कई लोगों ने आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द के प्रतिकूल बताया। सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं और विरोध के बाद उन्होंने उक्त पोस्ट हटा दी, लेकिन तब तक मामला व्यापक चर्चा का विषय बन चुका था।

सूत्रों के अनुसार मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में पहुंचने के बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लिया। चूंकि ‘जनमन’ का संचालन जनसंपर्क विभाग के माध्यम से होता है, जिसका प्रभार मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए इस मामले को संवेदनशील माना गया।

विपक्ष ने उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस मामले को संविधान और आरक्षण प्राप्त वर्गों के सम्मान से जुड़ा बताते हुए कहा कि केवल पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

ओबीसी महासभा का कड़ा विरोध

इस पूरे घटनाक्रम पर ओबीसी महासभा के संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के संवैधानिक अधिकारों पर इस प्रकार की टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है।

दिनेश यदु ने कहा कि “आखिर SC, ST और OBC वर्ग से इतनी आपत्ति क्यों है? संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था पर अमर्यादित टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती है। जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों को संविधान की भावना और सभी वर्गों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।”

उन्होंने सरकार से मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

(नोट: इस समाचार में विवादित पोस्ट का उल्लेख केवल घटनाक्रम की जानकारी देने के उद्देश्य से किया गया है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक विचार का समर्थन या प्रचार करना नहीं है।)


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply