
जनता की जिंदगी से खिलवाड़ बंद करे निगम प्रशासन व भाजपा सरकार, तुरंत युद्धस्तर पर शुरू हो छिड़काव और शुद्ध पेयजल आपूर्ति; अन्यथा होगा उग्र आंदोलन व निगम का घेराव
जगदलपुर। बस्तर की जनता को बीमारियों की आग में झोंककर कुंभकर्णी नींद सो रहे जगदलपुर नगर निगम प्रशासन, भाजपा सरकार और महापौर के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने तीखा प्रेस वक्तव्य जारी किया है। उन्होंने जगदलपुर नगर निगम की कथित नाकामी, प्रशासनिक संवेदनहीनता और महापौर संजय पांडे के रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की है।
सुशील मौर्य ने कहा कि मानसून के बाद जगदलपुर शहर के सभी वार्डों, अंदरूनी इलाकों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव और फॉगिंग कराया जाना बेहद जरूरी था। उनका आरोप है कि महापौर संजय पांडे और नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक पर्याप्त रूप से छिड़काव और फॉगिंग नहीं कराई गई, जिसके चलते शहर में मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है और लोग परेशान हैं।
दूषित पानी को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
सुशील मौर्य ने कहा कि शहर में शुद्ध पेयजल व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगह-जगह टूटी और लीकेज पाइपलाइनों के कारण नालियों का दूषित पानी पेयजल में मिलकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। उनके अनुसार, दूषित पानी की समस्या के कारण पीलिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है और सरकारी एवं निजी अस्पतालों में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इस गंभीर विषय पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
48 वार्डों में तत्काल छिड़काव और फॉगिंग की मांग
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने मांग की कि जगदलपुर शहर के सभी 48 वार्डों, मुख्य मार्गों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तत्काल प्रभाव से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं फॉगिंग शुरू की जाए। साथ ही लीकेज पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत, जल स्रोतों की सफाई और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि मलेरिया और पीलिया से प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीम तैनात कर निःशुल्क जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, ताकि प्रभावित नागरिकों को समय पर उपचार मिल सके।
48 घंटे का अल्टीमेटम, निगम घेराव की चेतावनी
सुशील मौर्य ने निगम प्रशासन और महापौर को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दवाइयों का छिड़काव शुरू नहीं किया गया और दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के स्वास्थ्य अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र जन-आंदोलन करेगी और नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए नगर निगम प्रशासन और भाजपा सरकार जिम्मेदार होगी।
— सुशील मौर्य
शहर जिला कांग्रेस कमेटी, जगदलपुर

Leave a Reply