मंगलू कचौरा में चोरों का आतंक: एक माह में एक ही घर में दो बार चोरी

दोपहर में गैस सिलेंडर चोरी की कोशिश, झाड़ियों में छिपाकर रात में ले जाने की थी तैयारी — ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल

जगदलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंगलू कचौरा में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में अलग-अलग स्थानों पर चोरी के करीब 7 मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक चोरों का सुराग नहीं लग पाने से लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ताजा मामला गांव निवासी राजेंद्र सिंह सीदार के घर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक महीने के भीतर उनके घर को दूसरी बार चोरों ने निशाना बनाया। इस बार चोर कथित तौर पर दिनदहाड़े करीब दोपहर 1 बजे घर से गैस सिलेंडर उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर को घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों में छिपा दिया गया, ताकि रात के समय उसे आसानी से वहां से ले जाया जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मामले की जानकारी होने से सिलेंडर चोरी होने से बच गया। लेकिन सवाल यह है कि यदि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो पुलिस इन घटनाओं में शामिल आरोपियों तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है?

शराबियों पर गश्त, चोरों पर कार्रवाई कब?

ग्रामीणों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि गांव में शराब पीने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस की गश्त दिखाई देती है, लेकिन चोरी की घटनाओं को रोकने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में पुलिस प्रभावी साबित नहीं हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब चोर दिन के उजाले में घर से गैस सिलेंडर उठाकर ले जाने की हिम्मत कर रहे हैं, तो गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की जांच तेज करे, संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई करे और गांव में प्रभावी रात्रि गश्त सुनिश्चित करे।


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply