भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के कार्यालय के सामने गंदी नाली का पानी सड़क पर जमा
जगदलपुर। गणेश चतुर्थी के दिन शहर में हुई महज एक घंटे की बारिश ने नगर निगम की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के कार्यालय के सामने सड़क पर गंदी नाली का पानी भर गया।
नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने से पूरा मार्ग गंदगी से सराबोर नजर आया। बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गणेश चतुर्थी जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दिन शहर की मुख्य सड़क का यह हाल नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जब एक घंटे की बारिश में ही नाली का पानी सड़क पर उतर आया, तो बड़े बारिश के दौरान शहर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एक घंटे की बारिश में व्यवस्था बेनकाब
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होते ही कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। विधायक कार्यालय के सामने की सड़क पर गंदे पानी का इस तरह जमा होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है।
अब सवाल यह है कि जब प्रदेश अध्यक्ष एवं शहर विधायक के कार्यालय के सामने ही जल निकासी व्यवस्था का यह हाल है, तो शहर के बाकी इलाकों की स्थिति क्या होगी?
#Jagdalpur #Bastar #GaneshChaturthi #NagarNigam #WaterLogging #KiranSinghDev #TheEagleEyeNews

Leave a Reply