
तटीय और निचले इलाकों के लोगों से राहत केंद्रों में शिफ्ट होने की अपील
जगदलपुर, 28 सितंबर 2026। इंद्रावती नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने और समय रहते राहत शिविरों अथवा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
केंद्रीय जल आयोग, हैदराबाद की एडवाइजरी के अनुसार ओडिशा के नबरंगपुर क्षेत्र में इंद्रावती नदी के ऊपरी हिस्से में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका प्रमुख कारण अपस्ट्रीम से बढ़ा हुआ जल प्रवाह और जलाशयों से छोड़ा जा रहा पानी बताया गया है।
29 सितंबर की सुबह जगदलपुर पहुंच सकता है असर
केंद्रीय जल आयोग के अनुमान के मुताबिक बढ़े हुए जलस्तर का प्रभाव 29 सितंबर की सुबह जगदलपुर तक पहुंच सकता है। जगदलपुर स्टेशन पर नदी के जलस्तर में करीब 60 सेंटीमीटर से 1 मीटर तक की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। कुछ परिस्थितियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
राहत शिविरों में जाने की अपील
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने इंद्रावती नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित बस्तियों और गांवों के नागरिकों से समय रहते राहत शिविरों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
प्रशासन ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन दलों को भी अलर्ट रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की अपील: नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बाढ़ नियंत्रण कक्ष या संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों को सूचना दें।
रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | Bastar

Leave a Reply