
रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर। बस्तर संभाग में अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सर्व अनुसूचित जाति वर्ग के पदाधिकारियों ने जगदलपुर सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक पुनीत चौहान से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखा और उनके निराकरण की मांग की।
फर्जी जाति प्रमाण पत्र की जांच की मांग
बैठक में फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाकर अनुसूचित जाति वर्ग का लाभ लेने वाले लोगों की तत्काल जांच कराने की मांग रखी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ निलंबन सहित नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आरक्षण और प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठा
पदाधिकारियों ने बस्तर संभाग में अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी और आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी आयोग अध्यक्ष के सामने रखे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आरक्षण के प्रतिशत की समीक्षा करने तथा आवश्यक वृद्धि की मांग की। साथ ही जाति जनगणना के आधार पर विधानसभा एवं स्थानीय निकायों में अनुसूचित जाति वर्ग को जनसंख्या के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की गई।
जातिगत भेदभाव और अत्याचार के मामलों में कार्रवाई की मांग
बैठक में जातिगत भेदभाव, छुआछूत और दुर्व्यवहार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और दोषी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ितों को कानूनी सहायता एवं न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया गया।
स्थानीय निकाय चुनावों में जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व की मांग
पदाधिकारियों ने नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम, जनपद पंचायत, जिला पंचायत और विधानसभा जैसे चुनावों में अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या का सर्वे कराकर जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग रखी। बस्तर संभाग में अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी को ध्यान में रखते हुए उचित सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर देने की मांग भी की गई।
पदाधिकारियों ने आयोग अध्यक्ष से बस्तर संभाग की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों एवं स्तरों पर आवश्यक पहल कर जल्द निराकरण कराने का आग्रह किया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कोंडागांव जिलाध्यक्ष धंस राज टंडन, सर्व अनुसूचित जाति वर्ग बस्तर अध्यक्ष विक्रम लहरे, बस्तर जिलाध्यक्ष संतु बांधे, सतनामी समाज जिला उपाध्यक्ष लाला लहरे, जिला महामंत्री सुभाष मेश्राम, बौद्ध समाज से मनीष गड़पाले, हेमराज जांगड़े, प्रदीप भारती, दुर्गेश डहरिया, पीला नाग, हरीश नाथ, देवानन्द खुटे, एमडी बघेल संरक्षक, प्रेम सिंह नाग सचिव सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
📲 The Eagle Eye News | बस्तर की हर खबर पर पैनी नजर

Leave a Reply