
जगदलपुर। राशन वितरण में कथित अनियमितता और प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी के मुद्दे को लेकर तारेका एवं चारगांव पंचायत क्षेत्र के करीब 500 ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय जगदलपुर पहुंचकर प्रदर्शन किया। आदिवासी नेता एवं बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
राशन वितरण में अनियमितता का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2025-26 से ग्राम चारगांव में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में नियमित राशन नहीं मिल रहा है। वहीं कुछ हितग्राहियों से दो माह का फिंगरप्रिंट/बायोमेट्रिक सत्यापन लेने के बावजूद राशन नहीं दिए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत स्तर पर शिकायत और कार्रवाई के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से राशन वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र हितग्राहियों को पूरा और नियमित राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।
90 बच्चों पर सिर्फ एक शिक्षक, पढ़ाई प्रभावित होने का दावा
ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि करीब 90 छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी वर्तमान में मात्र एक शिक्षक पर है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है।
“आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए” — हेमंत कश्यप
प्रदर्शन के दौरान हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीबों के हक का राशन और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय समस्याओं का स्थायी समाधान जमीन पर सुनिश्चित करना चाहिए।
“हम आश्वासन नहीं, समाधान चाहते हैं। गरीबों के हक के राशन और बच्चों के शिक्षा के अधिकार से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार यदि समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।”
संयुक्त कलेक्टर ने दो दिनों में राशन वितरण का दिया आश्वासन
ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त करते हुए बस्तर संयुक्त कलेक्टर श्री अगर सिंह राणा ने जिला खाद्य अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा की। बताया गया कि राशन वितरण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को दो दिनों के भीतर राशन वितरण करवाने का आश्वासन भी दिया गया।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
- राशन वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- पात्र हितग्राहियों को पूरा एवं नियमित राशन उपलब्ध कराया जाए।
- बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद राशन नहीं मिलने की शिकायतों की जांच हो।
- प्राथमिक शाला चारगांव में तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।
- विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान तारेका सरपंच जोगेंद्र बघेल, चारगांव सरपंच रवि बघेल, धनपति बघेल, नकुल कश्यप, लखमू कश्यप, मदन कश्यप, मानसाय मंडावी, जयराम नेताम, रायधार कश्यप, किरस नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: ओम साहू

Leave a Reply