कोहकापाल कांड में बड़ा खुलासा: नरबली की बात पुलिस जांच में नहीं हुई पुष्ट, सोने का हंडा मिलने के अंधविश्वास में किशोर से तंत्र-मंत्र का आरोप

दोनों आरोपी

रिपोर्ट: ओम साहू

जगदलपुर। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कोहकापाल में किशोर बालक को कथित रूप से रोककर तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधि किए जाने के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में किशोर की नरबली देने के प्रयास या नरबली की योजना से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में प्रसारित नरबली की चर्चाओं की भी जांच में पुष्टि नहीं हुई है।

सोने का हंडा मिलने के अंधविश्वास में तंत्र-मंत्र की गतिविधि का आरोप

बस्तर पुलिस के अनुसार, ग्राम कोहकापाल में हुई घटना को लेकर पिछले दो दिनों से लगातार जांच और पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित/प्रार्थी, संबंधित व्यक्तियों तथा संभावित गवाहों से विस्तृत पूछताछ की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा सोने का हंडा मिलने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते किशोर बालक के साथ तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधि की गई थी।

नरबली की बात की पुलिस ने नहीं की पुष्टि

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की विवेचना में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे यह प्रमाणित हो कि किशोर की नरबली देने का प्रयास किया गया था या नरबली की कोई योजना बनाई गई थी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपुष्ट जानकारी को तथ्य मानकर सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज, दो मुख्य आरोपी हिरासत में

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना नगरनार में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में BNS की धारा 127(2), 137(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक दो मुख्य आरोपी गोनसाय और लखीराम को हिरासत में लिया गया है। पूजा-पाठ में शामिल बताए गए अन्य व्यक्ति का नाम भी अपराध में जोड़े जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपियों से पूछताछ सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

जांच जारी, अन्य की भूमिका सामने आई तो होगी कार्रवाई

बस्तर पुलिस ने कहा है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोहकापाल घटना के संबंध में बिना सत्यापन के किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और उसे सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित न करें। पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

— बस्तर पुलिस


🔎 The Eagle Eye News | बस्तर की हर खबर पर पैनी नजर


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply