
मालगांव, कुरुषपाल, कोरपाल और बकावंड क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को बांटे कंबल, चादर, मच्छरदानी सहित आवश्यक सामग्री
रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर। बाढ़ की त्रासदी से प्रभावित जगदलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में राहत एवं सहायता का सिलसिला लगातार जारी है। इस कठिन समय में सर्वसमाज, विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों एवं कर्मचारी वर्ग सहित अनेक लोगों द्वारा अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। इसी क्रम में वेलुवन बौद्ध समाज, जगदलपुर द्वारा भी बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया गया।
समाज के सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों के अंदरूनी इलाकों मालगांव, कुरुषपाल, कोरपाल और बकावंड का भ्रमण किया। इस दौरान ऐसे जरूरतमंद परिवारों से चर्चा की गई, जिन्हें अब तक राहत सामग्री नहीं मिल पाई थी अथवा पर्याप्त सहायता नहीं मिल सकी थी।
वेलुवन बौद्ध समाज द्वारा जरूरतमंद परिवारों को कंबल, चादर, मच्छरदानी, साबुन, बिस्किट, चॉकलेट सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। समाज की ओर से बताया गया कि राहत सामग्री वितरण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
“यदि आपके आसपास कोई ऐसा जरूरतमंद परिवार है, जिसे अब तक पर्याप्त राहत सामग्री नहीं मिल पाई है, तो समाज को इसकी सूचना दें। जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।”
समाज द्वारा यह भी बताया गया कि अगले चरण में सूखे अनाज का वितरण भी किया जाएगा, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को संकट की इस घड़ी में आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
सामूहिक सहयोग से जारी है राहत अभियान
राहत सामग्री वितरण अभियान में समाज के सदस्यों ने अर्थदान, श्रमदान और मार्गदर्शन के माध्यम से सहयोग प्रदान किया। इस सेवा कार्य में समाज के अध्यक्ष पी. डी. मेश्राम सहित रायपुर से पहुंचे रविन्द्र बनसोड, स्वाति वासनीकर, सुचित्रा रंगारे, कमलेश रामटेके, मनीष गढ़पाले, धर्मेंद्र मेश्राम, सी. एल. रामटेके, राजेंद्र बौद्ध, राहुल गौरखेड़े, अंकुश मेश्राम और संतोष खापर्डे का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
वेलुवन बौद्ध समाज ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ राहत कार्य आगे भी जारी रखा जाएगा।
📌 The Eagle Eye News | Bastar
सच की नजर तीखी और निडर
🔴 आपदा से जुड़ी खबरें और अपडेट पाने के लिए हमारे न्यूज़ प्लेटफॉर्म से जुड़े रहें।

Leave a Reply