
रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 06 अक्टूबर 2026। बस्तर पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में भीड़ का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चोरी करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचने से प्राप्त शेष ₹20,000 नकद और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹50,000 बताई गई है।
भीड़ का फायदा उठाकर ज्वेलरी शॉप में की चोरी
पुलिस के मुताबिक घटना 23 अगस्त 2026 की है। प्रार्थी सतीश सूर्यवंशी ने दुकान बंद करने से पहले सोने-चांदी के आभूषणों का मिलान किया। इस दौरान सोने के आभूषणों के वजन में करीब 11.500 ग्राम की कमी पाई गई। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।
सीसीटीवी फुटेज में शाम करीब 5:09 बजे से 5:20 बजे के बीच दो महिलाएं और दो पुरुष दुकान में आते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर कान में पहनने वाले सोने के ‘सुई-धागा’ आभूषण को कथित रूप से अपने कब्जे में लेकर छिपाया और बाद में दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की तस्वीरों और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की पहचान की। जांच के बाद महाराष्ट्र के सोलापुर, पुणे और मुंबई क्षेत्र से जुड़े पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा चोरी किए गए सोने के आभूषण को बेचने और प्राप्त रकम को आपस में बांटने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ₹20,000 नकद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए।
पांच आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पृथ्वीराज चौहान (60), रेखा चौहान (50), चेतन भाटी (50), संदीप गौड़ (35) और जयश्री शैलके (62) शामिल हैं। सभी महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें 05 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कोतवाली पुलिस टीम: निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, PSI रानी सोनी, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, आरक्षक भीम मंडावी, राजू बघेल एवं सोमलु कश्यप।
साइबर सेल जगदलपुर: TI गौरव तिवारी, SI अमित सिदार, HC संजय यादव, आरक्षक मंहगू कश्यप, आरक्षक मेघा यादव, आरक्षक सोनू गौतम एवं आरक्षक प्रदीप कश्यप।
बस्तर पुलिस की लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार धोत्रे सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने कार्रवाई की।
नोट: पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई की गई है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद होगी।
THE EAGLE EYE NEWS | BASTAR
सच की नजर — तीखी और निडर

Leave a Reply