बस्तर दशहरा में ट्रैफिक अलर्ट! शाम 4 बजे के बाद सड़क किनारे पार्किंग पर रोक, पुलिस ने जारी की गाइडलाइन

AI इमेज

जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बस्तर पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मां दंतेश्वरी के दर्शन, मेला, मीना बाजार और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहरवासियों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से पुलिस प्रशासन ने सहयोग की अपील की है।

बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजनों के दौरान शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों से अनावश्यक चारपहिया एवं तीनपहिया वाहनों का उपयोग कम करने और बाजार एवं मंदिर दर्शन के लिए पैदल अथवा दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की है।

शाम 4 बजे के बाद बेतरतीब पार्किंग नहीं चलेगी

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शाम 4 बजे के बाद शहर में कहीं भी बेतरतीब पार्किंग अथवा सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें। शहरवासी और व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों के सामने सड़क या गलियों में वाहन खड़ा करने के बजाय निजी परिसर अथवा निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें।

रथ परिक्रमा के दिन इन मार्गों पर विशेष सतर्कता

रथ परिक्रमा के दिन निर्धारित समय से पूर्व मिताली चौक, गोल बाजार, सिरहासार चौक, यामहा शोरूम, पुराना तहसील कार्यालय (दामोदर पेट्रोल पंप की ओर) एवं मुख्य पोस्ट ऑफिस की तरफ वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है।

मावली परघाव पर इन मार्गों में कम करें वाहनों का उपयोग

मावली परघाव दिवस पर मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, चावल लाइन, संजय मार्केट, अग्रसेन चौक एवं गुरुगोविंद सिंह चौक की ओर वाहनों का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है, ताकि धार्मिक आयोजन के दौरान यातायात बाधित न हो।

भीतर रैनी और बाहर रैनी पर भी यातायात प्रतिबंधों का ध्यान रखें

भीतर रैनी एवं बाहर रैनी दिवस पर मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, गोल बाजार, मेन रोड, एसबीआई चौक एवं कुम्हड़ाकोट की ओर कम से कम वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इन मार्गों पर सड़क किनारे या बेतरतीब पार्किंग से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नशे में वाहन चलाने और नाबालिगों को ड्राइविंग देने से बचें

बस्तर पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने नहीं देने की अपील की है।

पुलिस की अपील: पर्व की गरिमा बनाए रखने में करें सहयोग

बस्तर पुलिस ने समस्त शहरवासियों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक गरिमा और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए यातायात नियमों का पालन करें। आम जनता के सहयोग से ही पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है।

विनीत: बस्तर पुलिस, जगदलपुर।

रिपोर्ट: ओम साहू | The Eagle Eye News


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply