
जगदलपुर | 12 अक्टूबर 2026
बस्तर जिले में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बस्तर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जगदलपुर के धरमपुरा स्थित शराब दुकान का दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुसने, अवैध रूप से शराब मांगने, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आरोपी राजा ध्रुव (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुकान बंद होने के बाद दरवाजा तोड़कर घुसा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। शराब दुकान बंद होने के बाद दुकान का मैनेजर कार्यालयीन कार्य कर रहा था। इसी दौरान आरोपी राजा ध्रुव वहां पहुंचा और दुकान के बंद दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर गया।
दुकान बंद होने की जानकारी देने के बावजूद आरोपी ने अवैध रूप से शराब की मांग की। जब मैनेजर और कर्मचारियों ने शराब देने से मना किया तो आरोपी ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गया।
शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद शराब दुकान के मैनेजर ने थाना कोतवाली जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 331(4) एवं 119(1) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद आरोपी राजा ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में की गई।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम एवं प्रमोद ठाकुर, थाना प्रभारी PSI रानी सोनी, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक भीम मंडावी, टामन बघेल, हरीश कश्यप एवं राजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस की आम जनता से अपील
बस्तर पुलिस ने आम नागरिकों से जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, धमकी, मारपीट अथवा असामाजिक व्यवहार की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | बस्तर
सच की नजर तीखी और निडर
Leave a Reply