अरपा नदी के नए घाट को मिलेगी वीरांगना बिलासा दाई के नाम की पहचान! कलेक्टर और निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने उठाई मांग, कहा—बिलासपुर की ऐतिहासिक पहचान और छत्तीसगढ़िया अस्मिता का प्रतीक हैं वीरांगना बिलासा दाई।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान को सम्मान देने की मांग अब तेज होने लगी है। अरपा नदी के रामसेतु पुल के ऊपर वार्ड क्रमांक 61, सरकंडा में निर्मित नवीन घाट का नामकरण ‘वीरांगना बिलासा दाई घाट’ किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नामकरण की मांग की है।

बिलासा दाई के नाम पर हो घाट का स्थायी नामकरण

ज्ञापन के माध्यम से जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश कैवर्त ने मांग की कि अरपा नदी के नवीन घाट का नाम वीरांगना बिलासा दाई के नाम पर रखा जाए। साथ ही घाट परिसर में उनके नाम का स्थायी नामकरण पट्ट भी स्थापित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां छत्तीसगढ़ की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें।

बिलासपुर की पहचान से जुड़ी है बिलासा दाई की गौरवगाथा

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रामायण निषाद ने कहा कि वीरांगना बिलासा दाई छत्तीसगढ़ के गौरव, साहस, स्वाभिमान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक हैं। बिलासपुर शहर की पहचान भी उनके नाम और गौरवगाथा से जुड़ी हुई है। ऐसे में अरपा नदी के किनारे निर्मित नवीन घाट का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल वीरांगना बिलासा दाई के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान मिलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।

जनभावनाओं का सम्मान कर शीघ्र निर्णय लेने की मांग

शहर उपाध्यक्ष विश्राम साहू ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि घाट का नामकरण ‘वीरांगना बिलासा दाई घाट’ किए जाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में मांग की कि बिलासपुर की पहचान और छत्तीसगढ़िया अस्मिता की प्रतीक वीरांगना बिलासा दाई को उचित सम्मान देते हुए अरपा नदी के नवीन घाट का नाम उनके नाम पर रखा जाए।


रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News Bastar

वीरांगना बिलासा दाई घाट, अरपा नदी, बिलासपुर समाचार, बिलासा दाई, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, Bilaspur News, Arpa River Ghat Naming


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply