छत्तीसगढ़ में बस किराया 40% तक बढ़ाने पर कांग्रेस का हमला, जावेद खान बोले– त्योहारी सीजन में जनता को राहत नहीं, आफत दे रही साय सरकार

जावेद खान जनहित के मुद्दे पर प्रखर

जगदलपुर | 14 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में यात्री बस किराये में 40 प्रतिशत तक वृद्धि को मंजूरी दिए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान ने इस निर्णय को आम जनता के लिए अमानवीय और जनविरोधी बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बढ़ी हुई किराया दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

जावेद खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि त्योहारी मौसम, विशेषकर दीपावली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों तक पहुंचने के लिए यात्री बसों पर निर्भर रहते हैं। ऐसे समय में बस किराये में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि करना जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग में आम लोगों के लिए यात्री बसें आवागमन का प्रमुख साधन हैं। यहां न तो पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध हैं और न ही आम यात्रियों के लिए हवाई यात्रा सुलभ है। ऐसे में बस किराये में बढ़ोतरी का सीधा असर बस्तर की जनता पर पड़ेगा।

महंगाई से परेशान जनता पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में पहले से ही महंगाई के कारण आम आदमी परेशान है। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बस्तर से राजधानी रायपुर आने-जाने के लिए यात्री बसें ही आम लोगों का सबसे सस्ता और सुलभ माध्यम हैं। ऐसे में बस किराये में वृद्धि आम यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ाएगी।

उन्होंने किराया दरों का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये तथा इसके बाद प्रति किलोमीटर 1.75 रुपये की दर निर्धारित है। वहीं डीलक्स और एसी बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के बाद प्रति किलोमीटर 2.20 रुपये की दर से किराया लिया जाता है। ऐसे में किराये में प्रस्तावित वृद्धि से यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।

धन्ना सेठों के हाथों की कठपुतली बनी सरकार – जावेद खान

जावेद खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बस किराये में वृद्धि को मंजूरी देकर अपना अमानवीय चेहरा उजागर किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम छत्तीसगढ़ियों के हितों के बजाय बड़े कारोबारियों और संपन्न वर्ग के हितों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का यह फैसला जनता की परेशानियों के प्रति उसकी संवेदनहीनता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री से बढ़ा हुआ किराया वापस लेने की मांग

कांग्रेस प्रवक्ता जावेद खान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से यात्री बस किराये में की गई वृद्धि पर पुनर्विचार करने और आम जनता को राहत देने के लिए बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

जावेद खान
प्रदेश प्रवक्ता
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply