बस्तर के आयुष लहरे का राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में चयन, मोंगरापाल गांव का बढ़ाया मान

नारायणपुर में कोच करणदीप सग्गू के मार्गदर्शन में ले रहे प्रशिक्षण, परिवार और जिले में खुशी का माहौल

जगदलपुर। बस्तर जिले के ग्राम पंचायत मोंगरापाल निवासी आयुष लहरे ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिता अजय लहरे एवं माता गोदावरी लहरे के सुपुत्र आयुष का चयन राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे मोंगरापाल गांव और बस्तर जिले में खुशी की लहर है। रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

आयुष के पिता अजय लहरे ने बताया कि आयुष को बचपन से ही क्रिकेट देखने और खेलने का विशेष शौक रहा है। क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि, जुनून और निरंतर मेहनत को देखते हुए परिवार ने उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। आयुष ने स्कूल स्तर से अपनी क्रिकेट यात्रा शुरू की और पेंड्रा, कवर्धा सहित विभिन्न चयन प्रक्रियाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सफलता की ओर कदम बढ़ाए।

वर्तमान में आयुष नारायणपुर में क्रिकेट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच करणदीप सग्गू के मार्गदर्शन में वे अपने खेल कौशल को लगातार निखार रहे हैं। कोच ने भी आयुष की प्रतिभा, बल्लेबाजी कौशल और क्रिकेट के प्रति समर्पण की सराहना की है। आयुष एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं और खेल में अनुशासन तथा नियमित अभ्यास को विशेष महत्व देते हैं।

आयुष का राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन बस्तर के उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह सफलता साबित करती है कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और परिवार के सहयोग की।

आयुष की इस उपलब्धि पर बस्तरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि वे भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

बस्तर के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी आयुष लहरे को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं।

रिपोर्ट: ओम साहू

, जगदलपुर


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply