
23 अक्टूबर को ऐतिहासिक मुरिया दरबार में होंगी शामिल, लालबाग मैदान में विशाल जनसभा को करेंगी संबोधित
जगदलपुर, 15 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर पहुंचेंगी। इस दौरान वे बस्तर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान मुरिया दरबार में शामिल होंगी। साथ ही जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रवास को गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
लालबाग मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने लालबाग मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी एवं आम नागरिकों के प्रवेश और निकास द्वार, पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तथा पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में तेजी आने के साथ ही 23 अक्टूबर को होने वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन पर पूरे बस्तर संभाग की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply