
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नानगुर थाना पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26.160 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 13 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 13 लाख 89 हजार 690 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
ओडिशा से जगदलपुर की ओर ला रहे थे गांजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थाना नानगुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति ओडिशा से मोटरसाइकिल क्रमांक OD10 AB 3524 में सवार होकर दो सफेद झोलों में रखे काले बैग के भीतर गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नानगुर नागेंद्र कुमार सिंह तथा निरीक्षक गणेश यादव के सह-नेतृत्व में जोजल चौक पर मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाकर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 26.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सादन शाहा (48 वर्ष): निवासी ग्राम पंगाम, जिला मल्कानगिरी, ओडिशा।
- इंद्रपाल जायसवाल (25 वर्ष): निवासी ग्राम दरीमाडोल, थाना मड़वास, जिला सीधी, मध्यप्रदेश।
- राजबहादुर सिंह गोड़ (46 वर्ष): निवासी ग्राम कुसमहर, थाना सेमरिया, जिला सीधी, मध्यप्रदेश।
13.89 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:
- 26.160 किलोग्राम गांजा – ₹13,08,000
- एक टच स्क्रीन मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल – ₹6,500
- मोटरसाइकिल क्रमांक OD10 AB 3524 – ₹70,000
- नगद रकम – ₹5,190
कुल जब्ती की कीमत – ₹13,89,690।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 17 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक गणेश राम यादव, पीएसआई नागेंद्र कुमार सिंह, एएसआई हरवान सिंह, आरक्षक सगराम, आरक्षक शंकर, आरक्षक कामदेव सहित एएनटीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट: ओम साहू
द ईगल आई न्यूज़ | बस्तर
Bastar Police, Jagdalpur News, Ganja Smuggling, Nangur Police, ANTF Action, Bastar Crime News, Chhattisgarh Police, गांजा तस्करी, बस्तर पुलिस कार्रवाई
#BastarPolice #JagdalpurNews #GanjaSmuggling #ANTF #NangurPolice #BastarNews #ChhattisgarhNews #CrimeNews

Leave a Reply