
कलेक्टर को सौंपा चेक, अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की उठाई मांग
जगदलपुर। बस्तर में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक संगठन भी आगे आने लगे हैं। इसी कड़ी में बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति, जिला बस्तर ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है।
समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर, जिला बस्तर को आवेदन सौंपकर चेक क्रमांक 665013 के माध्यम से यह राशि प्रदान की। समिति ने आग्रह किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कर बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को केवल तत्काल राहत देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पुनर्वास और सामान्य जनजीवन की बहाली पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर पात्र परिवारों को नियमानुसार मुआवजा एवं पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि आपदा से उबरने के लिए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहयोग और सामाजिक संबल दोनों की आवश्यकता है।
नरेंद्र सिंह ठाकुर ने समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों से भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सहयोग से आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को नई उम्मीद और हौसला मिल सकता है।
समिति की यह पहल बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारी: समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर, संरक्षक सोनाधर सिंह ठाकुर, सचिव राजू सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष बली सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष तुलाराम ठाकुर, प्रवक्ता शंकर सिंह ठाकुर, सहसचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर, गोविन्द सिंह ठाकुर, खगेश्वर ठाकुर एवं धनसिंह ठाकुर सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply