राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर सिंधी समाज को मिला ऐतिहासिक सम्मान

रायपुर | विशेष रिपोर्ट

छत्तीसगढ़: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर ऐतिहासिक सम्मान

पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया गया। सिंधी समाज की महान विभूति के सम्मान में भारत सरकार द्वारा स्मारक सिक्का जारी किया जाना समाज के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का क्षण रहा।

इस पहल के माध्यम से माता साहिब हासी देवी जी के आध्यात्मिक योगदान, सामाजिक प्रतिष्ठा और प्रेरणादायी विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किया गया।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने दिया। इस दौरान उन्होंने माता साहिब हासी देवी जी के जीवन, आध्यात्मिक योगदान और उनके आदर्शों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में ये प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इसके अलावा मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

सिंधी समाज के लिए गौरव का ऐतिहासिक अवसर

माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर जारी किया गया स्मारक सिक्का न केवल उनके प्रति राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह सिंधी समाज की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को भी नई पहचान प्रदान करता है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय उपलब्धि बताया।


रिपोर्ट: ओम साहू
द ईगल आई न्यूज़ | बस्तर

सच की नजर तीखी और निडर

#DraupadiMurmu #Chhattisgarh #MataHasiDevi #CommemorativeCoin #ShadaniDarbar #SindhiSamaj #Raipur #CGNews


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply