
ब्लॉक और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए मैदान, खेल सामग्री और प्रतिभागियों की सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश
जगदलपुर, 27 अक्टूबर 2026। बस्तर संभाग में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले बस्तर ओलम्पिक 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिलों को आयोजन से संबंधित व्यवस्थाएं समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
ब्लॉक एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए पुख्ता इंतजाम
समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने खेल मैदानों की तैयारी, विभिन्न खेल विधाओं के अनुरूप खेल सामग्री, प्रतिभागियों की सुविधाओं तथा आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
30 अक्टूबर तक अधिकाधिक युवाओं का पंजीयन कराने पर जोर
कमिश्नर डोमन सिंह ने बस्तर ओलम्पिक में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। स्कूल, कॉलेज, आश्रम-छात्रावास, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में युवाओं को आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विशेष रूप से अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। सोशल मीडिया के माध्यम से भी आयोजन का प्रचार कर 30 अक्टूबर तक अधिकाधिक प्रतिभागियों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।
चक्रवात और बारिश को लेकर भी प्रशासन अलर्ट
बैठक में 28 एवं 29 अक्टूबर को संभावित चक्रवात और बारिश की आशंका को देखते हुए कमिश्नर ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। कमिश्नर ने आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना, डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
रिपोर्ट: ओम साहू | The Eagle Eye News

Leave a Reply