बस्तर में खुलेंगे मिनी मॉल और निजी CBSE स्कूल! निवेशकों को सरकार देगी 100% स्टाम्प शुल्क छूट

5 करोड़ रुपये के न्यूनतम निवेश से बनेगा मिनी मॉल, बस्तर के आकांक्षी विकासखंडों में निजी निवेश को बढ़ावा देने की तैयारी

जगदलपुर, 02 नवंबर 2026।

बस्तर में आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने नई निवेश पहल शुरू की है। इसके तहत बस्तर सहित प्रदेश के आकांक्षी क्षेत्रों में मिनी मॉल और निजी CBSE स्कूल स्थापित करने के लिए निवेशकों एवं विकासकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। खास बात यह है कि इन परियोजनाओं में निवेश करने वालों को सरकार की ओर से विशेष वित्तीय एवं प्रशासनिक रियायतें दी जाएंगी।

50 से अधिक विकासखंडों में मिनी मॉल स्थापित करने की योजना

योजना के पहले चरण में प्रदेश के 15 जिलों के 50 से अधिक ऐसे विकासखंडों को लक्षित किया गया है, जहां वर्तमान में मल्टीप्लेक्स और संगठित खुदरा बाजार की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

प्रस्तावित मिनी मॉल के लिए प्रमुख शर्तें निर्धारित की गई हैं।

  • न्यूनतम 8,000 वर्ग फीट उपयोग योग्य क्षेत्र।
  • कम से कम 100 सीटों वाला मल्टीप्लेक्स।
  • न्यूनतम 5 रिटेल दुकानें।
  • व्यवस्थित फूड कोर्ट।
  • भूमि की लागत को छोड़कर न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश।

निजी CBSE स्कूल खोलने के लिए भी आमंत्रण

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे 20 से अधिक विकासखंडों में निजी CBSE स्कूल स्थापित करने की योजना है, जहां वर्तमान में कोई निजी CBSE विद्यालय संचालित नहीं है।

प्रस्तावित स्कूलों में निम्नलिखित सुविधाएं विकसित करना अनिवार्य होगा।

  • कक्षा 1 से 12वीं तक शिक्षा।
  • कम से कम 500 विद्यार्थियों की क्षमता।
  • छात्रावास की सुविधा।
  • आधुनिक पुस्तकालय।
  • स्मार्ट क्लासरूम।
  • आधुनिक प्रयोगशालाएं।
  • खेलकूद की सुविधाएं।

स्कूल ब्लॉक मुख्यालय से 10 किलोमीटर के दायरे में स्थापित किए जा सकेंगे।

निवेशकों को मिलेंगी ये विशेष रियायतें

राज्य शासन ने निवेश आकर्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रोत्साहन निर्धारित किए हैं।

  1. 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क में छूट।
  2. 100 प्रतिशत भूमि डायवर्सन शुल्क में छूट।
  3. भूमि पंजीकरण शुल्क की प्रतिपूर्ति।
  4. अधोसंरचना अनुदान।
  5. औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत पात्र निवेश प्रोत्साहन।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक निवेशक एवं विकासकर्ता शासन द्वारा जारी विज्ञापन में दिए गए QR कोड को स्कैन कर परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आवेदन के दौरान पात्रता से संबंधित पूर्व-योग्यता दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। संबंधित दस्तावेजों का पासवर्ड ईमेल आईडी invest&support@cg.gov.in पर भेजना होगा।

बस्तर के विकास को मिल सकती है नई दिशा

इस पहल से बस्तर में मनोरंजन, संगठित व्यापार और गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के नए अवसर विकसित होने की संभावना है। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को भी बढ़ावा मिल सकता है।

हालांकि, बस्तर जिले के किन-किन विकासखंडों में ये परियोजनाएं स्थापित की जा सकेंगी, इसकी पुष्टि शासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची और विज्ञापन से की जानी आवश्यक है।

रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | बस्तर


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply