सीसीटीवी फुटेज में अकेले छत की ओर जाती दिखी युवती, सुसाइड नोट और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराएगी पुलिस
जगदलपुर। बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर युवती दीपा सागर का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए CSP अंशिका जैन IPS के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग (फांसी) बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर कार्यरत युवती का शव मिला था। इस मामले में थाना कोतवाली में मर्ग क्रमांक 70/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पांच सदस्यीय टीम कर रही जांच
मामले की जांच के लिए गठित टीम में CSP अंशिका जैन के साथ कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, साइबर प्रभारी सागर पाठक, उपनिरीक्षक रानी सोनी, सहायक उपनिरीक्षक सतीश यादव और महिला प्रधान आरक्षक उमा भगत शामिल हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग का उल्लेख
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका के शरीर पर किसी प्रकार की आंतरिक चोट नहीं होने तथा लिगेचर मार्क पाए जाने का उल्लेख है। चिकित्सकों ने मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया है।
सीसीटीवी फुटेज में अकेले छत की ओर जाती दिखी युवती
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज हासिल कर उनका बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस का कहना है कि फुटेज में मृतिका अकेले छत की ओर जाती दिखाई दे रही है। फुटेज परिजनों को भी दिखाए गए हैं। पुलिस के प्रारंभिक अवलोकन में कोई संदेहास्पद घटनाक्रम सामने नहीं आया है।
सुसाइड नोट और मोबाइल की होगी फॉरेंसिक जांच
पोस्टमार्टम के दौरान मृतिका की जेब से एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है। इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसकी लिखावट और विषयवस्तु का विधिवत परीक्षण एवं सत्यापन कराया जा रहा है।
इसके अलावा मृतिका का मोबाइल फोन परिजनों से प्राप्त कर पुलिस ने विधिवत जब्त किया है। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। पुलिस ने मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी प्राप्त किया है, जिसका विश्लेषण किया जा रहा है।
सभी पहलुओं से जांच का दावा
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का FSL टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया था। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है। दुकान एवं संबंधित भवन में कार्यरत कर्मचारियों और अन्य गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | जगदलपुर, बस्तर

Leave a Reply