
जगदलपुर। शहर के बाफना लाइफ स्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर 21 वर्षीय युवती दीपा सागर का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 70/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतिका से मिले कथित सुसाइड नोट को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसकी लिखावट और विषयवस्तु का परीक्षण एवं सत्यापन शुरू किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका दीपा सागर पिता राजू सागर, उम्र 21 वर्ष, निवासी बैलाबाजार, जगदलपुर, 1 नवंबर 2026 को रोजाना की तरह दुकान में काम करने पहुंची थी। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच वह अचानक दुकान से कहीं चली गई। इसके बाद 2 नवंबर को दुकान में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी जब झाड़ू-पोछा लेने छत पर पहुंची तो वहां युवती का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की उपस्थिति में घटनास्थल और शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। महिला पुलिसकर्मियों एवं परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मृतिका से प्राप्त सुसाइड नोट को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। उसकी लिखावट, उसमें लिखी गई बातों और अन्य संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
निष्पक्ष जांच पर टिकीं परिजनों और शहरवासियों की निगाहें
युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। घटना से पहले युवती दुकान से कब और किन परिस्थितियों में निकली? दुकान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में क्या रिकॉर्ड हुआ? घटना के समय दुकान में कौन-कौन मौजूद था? सुसाइड नोट की वास्तविकता और उसमें लिखी बातों की पुष्टि कैसे होगी?
इन सभी सवालों का जवाब विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों का इंतजार है।
रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | बस्तर
Leave a Reply