बस्तर में 476.5 किलो गांजा जब्त, 2.38 करोड़ का मादक पदार्थ बरामद; तीन नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा, पिकअप वाहन में 15 बोरियों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी

जगदलपुर, 5 नवंबर 2026।

बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 476.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय नहीं बल्कि अंतरराज्यीय तस्करी के इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग सहित कुल सात आरोपियों को पकड़ा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को 15 बोरियों में पैक कर पिकअप वाहन के डाले में छिपा रखा था। वहीं, पुलिस की नजर से बचने के लिए एक मोटरसाइकिल से पिकअप वाहन की पायलेटिंग भी की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर रेलवे फाटक के पास घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KL 0411 में ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर गांजे की तस्करी की जा रही है।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम अडावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पिकअप वाहन की पायलेटिंग करते हुए आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन भी पहुंचा। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

15 बोरियों में मिला 476.5 किलो गांजा

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर पिकअप वाहन में रखी 15 बोरियों से कुल 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत 2,38,25,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने गांजे के अलावा एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22) और रोहणी गल्लोरी (27) शामिल हैं। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपी ग्राम कोंटामाड़ी, थाना कोरकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के निवासी बताए गए हैं।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों को 5 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी सहित प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर, मयाराम कश्यप तथा आरक्षक विजय तिर्की, दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, राम ठाकुर और थानेन्द्र सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट: ओम साहू The Eagle Eye News | बस्तर


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply