
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत चलाए गए सर्च ऑपरेशन में माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) सेल बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।
खुफिया सूचना पर चलाया गया संयुक्त सर्च ऑपरेशन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204वीं कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
5 नवंबर 2026 को थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत FOB ताड़ापाला के आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान ताड़ापाला FOB से लगभग 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग BGL सेल बरामद किए गए। सुरक्षाबलों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लिया।
कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में जाने से बचें
बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल नहीं जाने की अपील की है। क्षेत्र में अभी भी आईईडी अथवा अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका जताई गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से इलाके में निर्धारित कार्ययोजना के तहत डी-माइनिंग (बारूदी सुरंगों की खोज एवं निष्क्रियकरण) अभियान चलाया जाएगा।
नक्सल विरोधी अभियान में अहम सफलता
केजी हिल्स और कर्रेगुट्टा का जंगल क्षेत्र पहले माओवादी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता रहा है। ऐसे में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा 711 BGL सेल की बरामदगी क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्रवाई है।
रिपोर्ट: ओम साहू
The Eagle Eye News | बस्तर

Leave a Reply